पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर जालौन में उठी आवाज, डीएम को सौंपा ज्ञापन

घटना के विरोध में डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब, जनपद जालौन के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में पत्रकारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नई दिल्ली में समाचार संकलन के दौरान 4PM News Network की महिला पत्रकारों सुश्री शाहीन खान एवं सुश्री नफीसा खान के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट एवं अभद्रता किए जाने के विरोध में मंगलवार को जनपद जालौन के पत्रकारों में आक्रोश देखने को मिला।घटना के विरोध में डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब, जनपद जालौन के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में पत्रकारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।पत्रकारों ने नई दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ कथित तौर पर हुई घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।जिलाध्यक्ष मनोज राजा के नेतृत्व में पत्रकारों ने सौंपे ज्ञापन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को समाज और शासन-प्रशासन के सामने लाने का कार्य करते हैं।ऐसे में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, अभद्रता, धमकी अथवा उत्पीड़न की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। विशेष रूप से महिला पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं किया जा सकता।पत्रकारों ने मांग की कि नई दिल्ली में हुई घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच के दौरान घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।ज्ञापन में महिला पत्रकारों का स्वतंत्र एवं सम्मानजनक तरीके से चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा उन्हें आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।पत्रकारों ने कहा कि देशभर में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की मांग

डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब ने केंद्र सरकार से देशभर के पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ‘पत्रकार सुरक्षा आयोग’ का गठन किए जाने की मांग की।पत्रकारों का कहना है कि आयोग के माध्यम से पत्रकारों के साथ होने वाली मारपीट, धमकी, उत्पीड़न एवं अन्य घटनाओं की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जा सकेगी।इसके अलावा महिला पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू करने, प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने तथा पत्रकारों को समाचार कवरेज के दौरान सम्मानजनक एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की मांग की गई।पत्रकारों ने चेतावनी दी कि पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं को लेकर सरकार और प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है।इस दौरान डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button