101 पट्टों पर उठे सवाल, मिर्जापुर से लखनऊ पहुंचे दर्जनों ग्रामीण; अब होगी जांच?

मिर्जापुर के महुलार गांव के दर्जनों ग्रामीण कथित पट्टा अनियमितताओं की शिकायत लेकर लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रमुख सचिव को सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गांव की जमीन, कथित पट्टा आवंटन और अपने अधिकारों को लेकर मिर्जापुर के दर्जनों ग्रामीण सोमवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत महुलार में कथित तौर पर नियम विरुद्ध हुए भूमि पट्टों की जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित प्रार्थना पत्र प्रमुख सचिव को सौंपा। मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव के सामने अपनी शिकायत रखी।

101 पट्टों को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

लालगंज तहसील क्षेत्र के बरकछ ग्राम पंचायत महुलार से पहुंचे ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 1983 के प्रस्ताव के आधार पर फरवरी 1984 में करीब 101 लोगों को भूमि के पट्टे दिए गए। ग्रामीणों का दावा है कि इनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं, जो पात्र श्रेणी से नहीं आते थे और कुछ बाद में गांव में रहने आए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव और कथित मिलीभगत से ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जे तथा राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया हुई। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।

SC-ST और भूमिहीन परिवारों के हक का मुद्दा

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े और भूमिहीन परिवारों के अधिकार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पट्टा प्रस्ताव, पात्रता सूची, परिवार रजिस्टर, मतदाता सूची, राजस्व अभिलेख और जमीन के कब्जे समेत पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कथित अनियमितताओं का विरोध करने वालों पर दबाव बनाया जाता है और उन्हें मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है।

प्रमुख सचिव ने कार्रवाई का दिया भरोसा

ग्रामीणों के मुताबिक, प्रमुख सचिव ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि नियम विरुद्ध पाए जाने वाले पट्टा आवंटन समेत अन्य मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अब ग्रामीणों की नजर जांच की प्रक्रिया और उसके नतीजे पर है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पट्टा आवंटन में वास्तव में कोई अनियमितता हुई थी या नहीं।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: उन्नाव: अकेली महिला को देख बाइक रोकी, जेवर और 20 हजार रुपये लेकर भागे बदमाश

Related Articles

Back to top button