फर्जी मत्स्य अधिकारी बनकर मछली पालकों से वसूली, बरेली पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा

बरेली में फर्जी पत्रकार और मत्स्य अधिकारी बनकर मछली पालकों से वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। भोजीपुरा-देवरनियां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बरेली में खुद को सरकारी अधिकारी और पत्रकार बताकर लोगों से रुपये ऐंठने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। भोजीपुरा और देवरनियां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मछली पालकों और तालाब ठेकेदारों को प्रतिबंधित मांगुर मछली के पालन का हवाला देकर कार्रवाई और खबर प्रकाशित कराने का डर दिखाते थे।

पत्रकार और मत्स्य अधिकारी बनकर करते थे वसूली

एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र के मुताबिक, पुलिस को पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग फर्जी पत्रकार और मत्स्य विभाग के अधिकारी बनकर क्षेत्र में घूम रहे हैं। वे मछली पालकों और तालाब ठेकेदारों को धमकाकर रुपये मांगते थे।

आरोपी कथित तौर पर कहते थे कि मांगुर मछली पालन को लेकर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी या खबर प्रकाशित कर दी जाएगी।

5 से 20 हजार रुपये तक ऐंठने का आरोप

पुलिस के अनुसार, डर के माहौल का फायदा उठाकर आरोपियों ने प्रत्येक पीड़ित से करीब 5 हजार से 20 हजार रुपये तक की वसूली की। संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से फर्जी प्रेस आईडी कार्ड, मत्स्य विभाग से जुड़े फर्जी दस्तावेज और वसूली की नगदी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भोजीपुरा और देवरनियां थानों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

एसपी नॉर्थ ने लोगों से अपील की है कि कोई खुद को पत्रकार या सरकारी अधिकारी बताकर रुपये मांगे तो बिना सत्यापन भुगतान न करें और तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने को सूचना दें।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: 27 सितंबर से बदायूं में लगेगा धर्म का बड़ा दरबार, 9 दिन चलेगी श्री शिव महापुराण कथा

Related Articles

Back to top button