Mirzapur: मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य, पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मिर्जापुर के विंध्याचल धाम पहुंचे। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मिर्जापुर के विंध्याचल धाम पहुंचे। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। लंबे अंतराल के बाद मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद प्रदेश और देश की जनता की सेवा का दायित्व सही तरीके से निभाने की कामना की।
विंध्याचल पहुंचने के बाद डिप्टी सीएम का स्थानीय स्तर पर पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से भी स्वागत किया गया। अपने दौरे के दौरान वह विंध्याचल में आयोजित वेद संदेश यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।इसके अलावा अष्टभुजा स्थित विशिष्ट अतिथि गृह में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का भी कार्यक्रम है। निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मां विंध्यवासिनी के दरबार में झुकाया शीश
विंध्याचल धाम पहुंचने के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद मां के दर्शन का अवसर मिला है और उनकी कामना है कि आगे यह अंतराल कम से कम रहे।उन्होंने मां के चरणों में शीश झुकाकर देश और प्रदेश की जनता की सेवा करने का आशीर्वाद मांगा।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 तक मां की कृपा से देश और प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वह आगे भी इसी तरह अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने की कामना लेकर मां के दरबार में आए हैं।
2027 में BJP की सरकार बनने का जताया भरोसा
विंध्याचल दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह 2014 से 2024 तक मां की कृपा से देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार रही है, उसी तरह 2027 में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी और तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी विकास की यह प्रक्रिया जारी रहेगी।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश के विकास के साथ उत्तर प्रदेश भी विकास के क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखेगा।
रिपोर्ट:- संतोष देव गिरि,मिर्जापुर



