स्काउट्स ने दिखाई अनुशासन और साहस की मिसाल, तृतीय सोपान परीक्षण शिविर का समापन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, वायुसेना स्थल में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तीन दिवसीय तृतीय सोपान परीक्षण शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, वायुसेना स्थल में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तीन दिवसीय तृतीय सोपान परीक्षण शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। 11 सितंबर से आयोजित शिविर में वाराणसी संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए स्काउट्स ने कठिन परीक्षणों में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय ने स्काउट्स के समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए शिविर के सफल आयोजन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सहयोग की जो भावना सीखी है, वह उनके जीवन में सदैव उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने सफल स्काउट्स को बधाई देते हुए राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करने की शुभकामना दी।
शिविर प्रमुख (एलओसी) राधा वल्लभ मिश्रा ने तीन दिनों की गतिविधियों की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए स्काउट्स ने तृतीय सोपान के अंतर्गत निर्धारित कठिन एवं महत्वपूर्ण परीक्षाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए सभी परीक्षकों के प्रति आभार जताया।
ग्रैंड कैंप फायर में दिखा उत्साह
शिविर का प्रमुख आकर्षण शनिवार शाम आयोजित ग्रैंड कैंप फायर रहा। पारंपरिक रूप से अग्नि प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान स्काउट्स ने टेंट निर्माण, प्राथमिक चिकित्सा, गांठ बांधने तथा अन्य साहसिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इसके अलावा देशभक्ति गीतों, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
शिविर को सफल बनाने में मुख्य परीक्षक सुकुमार श्रीवास्तव, विकास कुमार मिश्रा, दीपक कुमार, बृजभान एवं आशीष कुमार त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय ने सभी परीक्षकों को सम्मानित किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय परीक्षण शिविर का औपचारिक समापन हुआ।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



