सीतापुर में नदी में डूबी 20 साल की रागिनी, सुबह तक नहीं मिला सुराग; ग्रामीणों ने लगा दिया जाम
सीतापुर के लहरपुर में घघरिया नदी में 20 वर्षीय युवती के डूबने के बाद ग्रामीणों ने जाम लगाया। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और NDRF टीम नदी में युवती की तलाश कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के लहरपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम घघरिया नदी में एक युवती के डूबने की घटना के बाद मंगलवार को भी तलाश जारी रही। सलारपुर निवासी 20 वर्षीय रागिनी के नदी में छलांग लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। मंगलवार सुबह तक युवती का पता नहीं चल सका।
घघरिया नदी में छलांग लगाने की सूचना
घटना लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर बाजार अंतर्गत हुई। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम रागिनी के घघरिया नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों को तलाश में लगाया।
रात से ही नदी में संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका।
तलाश में सहयोग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
मंगलवार सुबह तक रागिनी का पता नहीं चलने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने तलाश में पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने की बात कहते हुए लहरपुर-तंबौर मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने तलाश तेज कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।
पुलिस और NDRF की टीम तलाश में जुटी
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि युवती की तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों के साथ NDRF टीम की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
फिलहाल युवती का पता लगाने के लिए नदी में अलग-अलग संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू अभियान जारी है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: नम आंखों से विदा हुए सोनौली कोतवाल महेंद्र मिश्रा, व्यापारियों ने फूल-मालाओं से किया सम्मान



