विजय की एक झलक के लिए लंदन में जुटे सैकड़ों लोग, फिर क्यों रद्द हुआ कार्यक्रम?

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के लंदन वाले कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया. शार्ड बिल्डिंग के बाहर भारी भीड़ उमड़ गई थी. सुरक्षा की वजह से मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के लंदन वाले कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया. शार्ड बिल्डिंग के बाहर भारी भीड़ उमड़ गई थी. सुरक्षा की वजह से मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का जितना क्रेज दक्षिण भारत में है, उतना ही सात समंदर पार भी है. इसका अंदाजा लंदन में आसमान छूती मशहूर ‘शार्ड बिल्डिंग’ के बाहर उमड़ी भीड़ से आप लगा सकते हैं. ‘शार्ड बिल्डिंग’ के साए में उमड़ा प्रशंसकों का हुजूम इस बात की मिसाल है कि विजय के प्रति उनके चाहने वालों की दीवानगी किस कदर है. हर कोई विजय की एक झलक पाने को बेताब था.

घंटों से पलकें बिछाए खड़े सैकड़ों प्रशंसकों के चेहरों पर सिर्फ एक ही उम्मीद थी कि किसी तरह विजय का दीदार हो जाए. हालांकि, सीएम विजय के कार्यक्रम को सुरक्षा कारणों की वजह से रद्द कर दिया गया. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने भीड़ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी. कार्यक्रम वाली जगह पर सैकड़ों प्रशंसक इकट्ठा हो गए थे. वहीं, आज उनका (CM विजय) का लंदन दौरा खत्म हो रहा है.

सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम रद्द
विजय की टीम ने लाउडस्पीकर पर घोषणा की कि सुरक्षा की वजह से पुलिस ने अनुमति नहीं दी, इसलिए कार्यक्रम रद्द किया जा रहा है. टीम के एक सदस्य ने कहा, ‘जन सुरक्षा की चिंताओं के कारण हम कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं, क्योंकि हमें अनुमति नहीं मिली.’ वहीं, एक युवा प्रशंसक ने कहा, ‘मुझे लगता है यह ठीक है, लेकिन ये सब लोग इंतजार कर रहे हैं. तमिलनाडु में हम ऐसी भीड़ नहीं देखते.’ वह प्रशंसक विजय के होटल के बाहर घंटों से खड़ा था.

आज ही होगी वतन वापसी
विजय तमिलनाडु के लिए निवेश लाने वाले राज्य प्रतिनिधिमंडल के साथ ब्रिटेन गए हैं. उनके कार्यालय ने बताया कि इस यात्रा के दौरान लगभग 12,300 करोड़ रुपये के निवेश वाले कई समझौते हुए हैं. इनसे तमिलनाडु को एशिया में उन्नत मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी का बड़ा केंद्र बनाने में मदद मिलेगी. इन परियोजनाओं से राज्य में 9,400 से ज्यादा अच्छी नौकरियां बनने की उम्मीद है. विजय का ब्रिटेन दौरा बुधवार को खत्म हो रहा है और वे भारत लौटने वाले हैं.

Related Articles

Back to top button