अमृत ग्रुप पर ED की बड़ी कार्रवाई, 17 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज पर कार्रवाई करते हुए ED ने कोलकाता और इंदौर में 17 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है. कंपनी पर लोगों को ज्यादा रिटर्न का वादा कर पैसे जुटाने और फिर वापस न करने का आरोप है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज पर कार्रवाई करते हुए ED ने कोलकाता और इंदौर में 17 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है. कंपनी पर लोगों को ज्यादा रिटर्न का वादा कर पैसे जुटाने और फिर वापस न करने का आरोप है.
आम लोगों से ज्यादा रिटर्न देने का वादा कर पैसे जुटाने और बाद में रकम नहीं लौटाने के आरोपों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. ईडी की कोलकाता जोनल ऑफिस की टीम ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत कोलकाता और इंदौर में 17 ठिकानों पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई शुरू की है. ईडी के मुताबिक, ये कार्रवाई अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े निदेशकों और प्रमोटरों, जिनमें केसी दुजारी और काली किशोर बागची समेत अन्य लोग शामिल हैं, उनके आवासीय और कार्यालय परिसरों पर की जा रही है.
क्या है आरोप
जांच एजेंसी का आरोप है कि अमृत ग्रुप की कंपनियों और उनके निदेशकों ने अलग-अलग डिपॉजिट स्कीम के नाम पर आम लोगों से बड़ी रकम जमा कराई. इस दौरान लोगों को उनकी जमा रकम पर आकर्षक और ज्यादा रिटर्न देने का भरोसा दिया गया था. हालांकि, आरोप है कि बाद में कंपनी ने वादा किए गए रिटर्न का भुगतान नहीं किया और लोगों की रकम भी वापस नहीं की. जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई.
दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन की जांच
ईडी की टीम तलाशी के दौरान दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की जांच कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आम लोगों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां और किस तरह किया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.
कोलकाता और इंदौर में 17 जगहों पर तलाशी
बताया जा रहा रह है कि कोलकाता में कुल छह जगहों पर तलाशी ली जा रही है. इसी के साथ इंदौर में भी कई जगहों पर तलाशी अभियान जारी है. ईडी मुताबिक कोलकाता और इंदौर में 17 जगहों पर तलाशी ली जा रही है. बुधवार सुबह 6 बजे से ही ईडी कोलकाता में सक्रिय है.
ईडी के अधिकारी कोलकाता के नारकेलडांगा, नेताजीनगर और रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्रों में 6 ठिकानों पर पहुंचे हैं. उनके साथ केंद्रीय सेना के जवान भी हैं. आज सुबह ईडी के अधिकारी सबसे पहले नारकेलडांगा और नेताजी नगर में एक व्यवसायी के घर पहुंचे. इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम अन्य स्थानों पर भी पहुंची. जांचकर्ता संबंधित संगठन के वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच कर रहे हैं.



