पानी उतरने लगा तो नई चुनौती! गोरखपुर के 26 गांवों में स्वास्थ्य टीमों की नजर

गोरखपुर में राप्ती-सरयू का जलस्तर घटने से बाढ़ प्रभावित गांवों को राहत मिली है। गोला क्षेत्र के 26 गांवों में राहत कार्य जारी है और 5 हजार से अधिक लोगों तक मदद पहुंची है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में राप्ती और सरयू नदी के जलस्तर में तेजी से गिरावट के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को कुछ राहत मिली है। गोला तहसील के कई गांवों से पानी उतरने लगा है, लेकिन मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। प्रशासन ने प्रभावित 26 गांवों में राहत अभियान जारी रखा है। खाद्य सामग्री से लेकर दवाइयों और पशुओं के चारे तक की व्यवस्था की जा रही है।

26 गांवों में राहत कार्य, पांच हजार से ज्यादा लोगों तक मदद

एसडीएम गोला मनीष शर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पटना चौकी समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री वितरित कराई गई। प्रशासन के अनुसार अब तक पांच हजार से अधिक लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। प्रभावित परिवारों को शासन की निर्धारित राहत किट के साथ जरूरी खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।

पानी घटा तो बढ़ी बीमारी की चिंता

बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में टीमें सक्रिय कर दी हैं। ग्रामीणों को जरूरी दवाएं दी जा रही हैं और बीमार लोगों का उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मी गांवों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।

पशुओं के चारे की भी प्रशासन ने की व्यवस्था

बाढ़ के दौरान प्रभावित पशुपालकों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी कराई है। अधिकारियों के मुताबिक जलस्तर कम होने के बावजूद 26 प्रभावित गांवों की निगरानी जारी है। फिलहाल प्रशासन का फोकस राहत वितरण के साथ बाढ़ के बाद स्वास्थ्य और पशुधन से जुड़ी समस्याओं से निपटने पर है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: 16 दिन ICU में इलाज, फिर मौत… ढकनापुरवा के मरीज की मौत पर कृष्णा हॉस्पिटल में हंगामा

Related Articles

Back to top button