खेत में धान काटने पहुंचे दबंग? विरोध पर मारपीट, धारदार हथियार से वार का आरोप
सीतापुर के मिश्रिखा गांव में धान की फसल काटने के विवाद में परिवार से मारपीट और महिलाओं से अभद्रता के आरोप लगे हैं। पुलिस ने पांच लोगों पर एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र में खेत में खड़ी धान की फसल काटने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मिश्रिखा गांव में फसल काटने का विरोध करने पहुंचे परिवार के साथ मारपीट और महिलाओं से अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं। एक व्यक्ति के सिर पर धारदार हथियार से वार करने का भी दावा किया गया है। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फसल काटने से रोकने पर मारपीट का आरोप
सरावगी टोला निवासी आकाश यादव के मुताबिक मिश्रिखा गांव में उनकी जमीन है। आरोप है कि कुछ लोग खेत में खड़ी धान की फसल काटकर जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहे थे। जानकारी मिलने पर आकाश रिश्तेदार विजय कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और फसल काटने का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद सर्वेश, मकनन्द, विनोद, कुलदीप और करन समेत अन्य लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। विजय के सिर पर धारदार हथियार से वार करने का भी आरोप है।
तीन राजस्व अदालतों में रेखा के पक्ष में आदेश
जमीन के नामांतरण को लेकर नायब तहसीलदार, तहसीलदार और एसडीएम न्यायिक न्यायालय में मामला चला। जानकारी के मुताबिक तहसीलदार ने 24 जनवरी 2025 के पंजीकृत बैनामे के आधार पर आकाश की मां रेखा यादव के नाम नामांतरण किया था। इसके खिलाफ दायर आपत्ति में एसडीएम न्यायिक ने भी पूर्व आदेश बरकरार रखते हुए चंद्रिका प्रसाद आदि का दावा खारिज कर दिया।
भाजपा नेता ने बताई चुनावी पेशबंदी
महमूदाबाद नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अम्बरीश गुप्त ने मामले में खुद को बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में वह मौके पर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन मारपीट करते नजर नहीं आ रहे। सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और निष्कर्ष के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: चलती बाइक अचानक बनी आग का गोला, धू-धू कर जली HF Deluxe; मालिक बाल-बाल बचा



