जयपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, री-पोलिंग वाले वार्डों में क्लीन स्वीप

जयपुर नगर निगम चुनाव की री-पोलिंग के बाद अब सभी 150 वार्डों के अंतिम नतीजे घोषित हो गए हैं. चार वार्डों में हुए दोबारा मतदान में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप किया, जबकि बीजेपी को झटका लगा है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जयपुर नगर निगम चुनाव की री-पोलिंग के बाद अब सभी 150 वार्डों के अंतिम नतीजे घोषित हो गए हैं. चार वार्डों में हुए दोबारा मतदान में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप किया, जबकि बीजेपी को झटका लगा है.

जयपुर नगर निगम चुनाव में री -पोलिंग के बाद अब सभी 150 वार्डो के नतीजे साफ हो गए हैं. बीते दिन जयपुर में चार वार्डों के पांच बूथ पर दोबारा मतदान कराया गया था, जिसका परिणाम गुरुवार को जारी हो गए हैं. री -पोलिंग वाले सभी बूथों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है. इसके साथ ही नगर निगम चुनाव के अंतिम परिणाम में कांग्रेस की सीटों की संख्या भी बढ़ गई है.

राजस्थान नगर निकाय चुनाव का परिणाम 14 सितंबर को ही जारी हो गए थे. लेकिन EVM में तकनीकी खराबी के चलते जयपुर नगर निगम के वार्ड 9, 18, 25 और 34 में वोटों की गिनती नहीं हो सकी थी. बुधवार को वार्ड 9 के बूथ नंबर 111, वार्ड 18 के बूथ नंबर 235, वार्ड 25 के बूथ नंबर 343 और वार्ड 34 के बूथ नंबर 477 व 484 पर मतदाताओं ने दोबारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

चारों वार्डों में कांग्रेस ने किया क्लीन स्वीप
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार,वार्ड 9 से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशी ने 764 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. वार्ड 18 में कांग्रेस की विदिता शर्मा 181 वोटों से विजयी रहीं. वार्ड 25 से कांग्रेस प्रत्याशी रेखा देवी ने 397 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. वहीं वार्ड 34 में कांग्रेस के सुरेश यादव ने 149 वोटों से जीत हासिल की है.इस तरह दोबारा मतदान वाले चारों वार्ड कांग्रेस के खाते में चले गए.

हालांकि, वार्ड 34 में कांग्रेस के सुरेश यादव को जीत मिली, लेकिन वार्ड 34 का बूथ नंबर 477 चुनाव के बाद री -पोलिंग में भी चर्चा में रहा. बूथ नंबर 477 पर चुनाव आयोग ने मतदान कार्य में लापरवाही पर कड़ा एक्शन लिया. लापरवाही और आयोग के निर्देशों को न मानने के आरोपों के बाद पीठासीन अधिकारी मनीष कुमार शर्मा को हटा दिया गया और उनकी जगह गुलाम अली को बूथ PRO बनाया गया था.

चारों पर जीत से कांग्रेस की सीट बढ़कर हुई 57
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 309 शहरी निकायों के 10,244 वार्ड के परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए गए हैं. इसमें बीजेपी ने 4,179 वार्ड जीते, जबकि कांग्रेस के खाते में 3,613 वार्ड आए थे. जबकि 2,273 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी थी. वहीं, जयपुर नगर निगम के अधिकांश वार्डों के परिणाम भी 14 सितंबर को आ चुके थे, जिसमें बीजेपी को बहुमत मिल गया था.

जयपुर नगर निगम में कुल 150 वार्ड है और बहुमत के लिए 76 पार्षदों की जरूरत होती है. री -पोलिंग के बाद आए अंतिम नतीजों के अनुसार, जयपुर नगर निगम में बीजेपी को कुल 78 सीटों पर जीत मिली. वहीं कांग्रेस के खाते में पहले 53 वार्ड थे, अब रि-पोलिंग में चार वार्डों पर जीत से कुल 57 वार्ड हो गए हैं. वहीं,15 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है.

Related Articles

Back to top button