जलभराव देखने निकले अफसर, ट्रैक्टर के बंफर पर बैठे लोग; वीडियो ने खड़े किए बड़े सवाल
बरेली में जलभराव का निरीक्षण करने निकले डीएम के दौरे का वीडियो चर्चा में है। ट्रैक्टर के बंफर पर बैठे लोग झटके में गिरते-बचते दिखे, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में जलभराव का जायजा लेने निकले जिलाधिकारी अविनाश सिंह के दौरे का एक वीडियो अब चर्चा में है। वीडियो में डीएम ट्रैक्टर से जलभराव वाले इलाके का निरीक्षण करते दिख रहे हैं, जबकि ट्रैक्टर के आगे लगे बंफर पर दो लोग बैठे नजर आ रहे हैं। पानी से भरी सड़क पर ट्रैक्टर को झटका लगने के बाद बंफर पर बैठा एक व्यक्ति गिरते-गिरते बचता दिखाई देता है। इसके बाद प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जलभराव के बीच बंफर पर बैठे दिखे लोग
वीडियो में ट्रैक्टर जलभराव वाली सड़क से गुजरता दिखाई देता है। इसी दौरान आगे बंफर पर बैठे लोगों को झटका लगता है और एक व्यक्ति असंतुलित होकर गिरने से बचता है। यही कुछ सेकेंड का दृश्य अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
जलभराव की स्थिति का निरीक्षण जरूरी था, लेकिन वीडियो में दिख रही स्थिति ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं।
मोटर वाहन अधिनियम में क्या है प्रावधान?
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 123 में रनिंग बोर्ड, बोनट या वाहन के निर्धारित हिस्से के बाहर व्यक्ति के सफर पर रोक है। धारा 125 चालक को ऐसी स्थिति में किसी व्यक्ति को बैठाने से रोकती है, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण प्रभावित हो। हालांकि, किसी विशेष मामले में कौन-सी कानूनी धारा लागू होगी, यह जांच और परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
अब उठ रहे ये सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सवाल है कि ट्रैक्टर के बंफर पर लोगों को बैठाकर ले जाने की अनुमति किसने दी? क्या मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों की इस पर नजर नहीं पड़ी? क्या संबंधित विभाग वीडियो का संज्ञान लेकर कोई कार्रवाई करेगा?
जलभराव का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन अब चर्चा इस बात की है कि सड़क सुरक्षा के नियम निरीक्षण के दौरान भी उतने ही जरूरी हैं, जितने आम नागरिकों के लिए।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: 20 दिन पुराना वीडियो अब हुआ वायरल, युवक के साथ कथित अमानवीय हरकत से मचा हड़कंप



