51 हजार दीप और 30 हजार कैंडल से जगमगाया GIC मैदान, सीतापुर में दिखा अद्भुत नजारा

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत सीतापुर में करीब 14 लाख दीप जलाए गए। GIC मैदान में 51 हजार दीपों के साथ 30 हजार कैंडल जलाई गईं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में गुरुवार की शाम रोशनी से नहा उठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम में पूरे जिले में करीब 14 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। गांवों से लेकर शहरों तक हुए आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) मैदान में हुआ, जहां 51 हजार दीप जलाए गए।

गांव से शहर तक जले लाखों दीप

‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों, वार्डों, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में दीप प्रज्वलित किए गए। प्रशासन के अनुसार, जनपदभर में करीब 14 लाख दीप जलाए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की भागीदारी से कई इलाके दीपों की रोशनी से जगमगा उठे।

जीआईसी मैदान में दीपों के साथ करीब 30 हजार कैंडल भी जलाई गईं, जिससे पूरा परिसर आकर्षण का केंद्र बना रहा।

GIC मैदान में 51 हजार दीपों का आयोजन

मुख्य कार्यक्रम में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, सेवता विधायक ज्ञान तिवारी, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, डीएम डॉ. राजागणपति आर., सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी और एसपी अंकुर अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

वक्ताओं ने आयोजन को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी से जोड़ते हुए सामाजिक सहभागिता पर जोर दिया।

पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को मिली किट

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को किट वितरित की गईं। इनमें 25 सिलाई मशीन लाभार्थियों के साथ कुम्हार और हलवाई वर्ग के लाभार्थी भी शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को स्वरोजगार के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

रिपोर्ट -वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: काकादेव में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार! 10 किलो गांजा और 100 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button