एम्स के गेट नंबर 3 पर बड़ा बवाल, मरीजों की परेशानी का हवाला; अब आंदोलन की चेतावनी
गोरखपुर एम्स का गेट नंबर तीन खोलने की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद को ज्ञापन सौंपा गया। संस्था ने जाम और मरीजों की परेशानी का हवाला देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर एम्स में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों की मुश्किलें अब एक बार फिर मुद्दा बन गई हैं। एम्स का गेट नंबर तीन खोलने की मांग को लेकर प्रताप वाहिनी सामाजिक संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सदस्य डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। संस्था का कहना है कि गेट बंद होने से मरीजों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है और गेट नंबर दो के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है।
गेट नंबर 3 बंद, मरीजों को तय करनी पड़ रही अतिरिक्त दूरी
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गेट नंबर तीन जल्द खोलने की मांग रखी। उनके मुताबिक कूड़ाघाट पेट्रोल पंप के सामने स्थित यह गेट लंबे समय से बंद है। वहीं एम्स में प्रवेश के लिए मुख्य रूप से गेट नंबर दो का इस्तेमाल हो रहा है।
जाम से ओपीडी और इमरजेंसी मरीजों को परेशानी
राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कूड़ाघाट, सिंघड़िया, रानीडिहा समेत देवरिया, सलेमपुर, भटनी, बलिया और बिहार के सिवान क्षेत्र से आने वाले लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे गेट नंबर दो पर ट्रैफिक दबाव बढ़ता है। उनका कहना है कि ओपीडी, आईपीडी और ट्रॉमा इमरजेंसी सेंटर आने वाले मरीजों को जाम की वजह से परेशानी होती है।
पहले भी दिया ज्ञापन, अब आंदोलन की चेतावनी
संस्था के अनुसार गेट खोलने के लिए एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता को ई-मेल और सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव को ज्ञापन दिया जा चुका है। अब राज्यसभा सांसद को भी ज्ञापन सौंपा गया है। संस्था ने चेतावनी दी है कि मांग पर जल्द पहल नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: महमूदाबाद में गणेश महोत्सव की सांस्कृतिक शाम, छात्राओं की प्रस्तुतियों ने जीता दिल



