रिटायरमेंट से पहले ही अग्निवीरों को मिलेगी दूसरी नियुक्ति, एक विशेष पोर्टल हो रहा तैयार
अग्निवीरों के लिए सरकार नया रोजगार पोर्टल तैयार कर रही है. इसके जरिए सेवा पूरी होने से पहले ही अगली नौकरी का रास्ता साफ करने की योजना है. पहला बैच जनवरी 2027 में सेवामुक्त होगा.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: अग्निवीरों के लिए सरकार नया रोजगार पोर्टल तैयार कर रही है. इसके जरिए सेवा पूरी होने से पहले ही अगली नौकरी का रास्ता साफ करने की योजना है. पहला बैच जनवरी 2027 में सेवामुक्त होगा.
अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए सरकार नई रोजगार व्यवस्था तैयार कर रही है. इसके तहत चार साल की सेवा पूरी होने से पहले ही अग्निवीरों की अगली नौकरी का रास्ता साफ करने की तैयारी है. रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इसके लिए एक विशेष पोर्टल बनाया जा रहा है. इस पोर्टल के जरिए सेना से बाहर होने वाले अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों, पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है. वहीं, सेना में नियमित होने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों की मेरिट भी कार्यकाल पूरा होने से पहले जारी की जा सकती है.
जनवरी 2027 में पहला बैच होगा सेवामुक्त
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों का पहला बैच जनवरी 2027 में चार साल की सेवा पूरी करेगा. इस बैच में 19 हजार से ज्यादा अग्निवीर शामिल हैं. पहला बैच रिटायर होने वाला है, इसलिए सरकार उनके आगे के रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था पर काम कर रही है.
25 प्रतिशत को सेना में मिलेगा मौका
नियमों के अनुसार हर बैच के 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेना में नियमित कैडर में शामिल किया जाता है. नई व्यवस्था में इनकी मेरिट लिस्ट सेवा समाप्त होने से पहले तैयार करने की योजना है. इसके लिए सेना के भीतर परीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इससे चयनित अग्निवीरों को रिटायर होकर दोबारा भर्ती प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
75 प्रतिशत अग्निवीरों के लिए नौकरी का रास्ता
बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीर सेना से बाहर होंगे. सरकार इनके लिए अर्धसैनिक बलों, पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है. गृह मंत्रालय के प्रस्तावित विशेष पोर्टल के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाने की योजना है. लक्ष्य है कि चार साल की सेवा पूरी होने तक अग्निवीरों की अगली नौकरी तय हो सके.
BSF, CRPF समेत कई बलों में अवसर
पूर्व अग्निवीरों के लिए BSF, CRPF, CISF, ITBP और असम राइफल्स में आरक्षण का प्रावधान किया गया है. इन भर्तियों में कुछ चयन प्रक्रियाओं में छूट भी दी जाती है. रेलवे और कई सरकारी विभागों में भी पूर्व अग्निवीरों के लिए रिजर्वेशन या प्राथमिकता का प्रावधान है. नई व्यवस्था का उद्देश्य सेवा समाप्त होने के बाद रोजगार तलाशने की प्रक्रिया को आसान बनाना है.



