भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में

- शेफाली-श्री चरणी का धमाका, जापान को आठ विकेट से हराया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
निशिन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने जापान को आठ विकेट से हरा दिया। 58 रन के लक्ष्य को भारत ने पांच ओवर में हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने विनिंग सिक्स लगाया। वह 15 गेंद में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, ऋ चा घोष छह गेंद में दो चौके की मदद से 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। जापान की टीम 19.5 ओवर में 57 रन पर सिमट गई थी। टीम को पहला झटका सातवें ओवर में लगा था। इसके बाद जापान की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
हारुना इवासाकी 10 रन, अयाका कातो स्टैफर्ड 47 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुईं। ये दोनों ओपनर्स ने ही टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। भारत के लिए श्री चरणी ने चार विकेट झटके, वहीं शेफाली वर्मा को दो विकेट मिले। श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक विकेट मिला। भारतीय टीम ने इस मैच में प्रयोग किया था हालांकि, यह फैसला कामयाब साबित नहीं हुआ। शेफाली के साथ ओपनिंग उतरीं गुणालन कमालिनी खाता नहीं खोल सकीं, जबकि तीसरे नंबर पर उतरीं भारती फुलमाली छह रन बनाकर आउट हुईं। जापान की ओर से नोनोहा यासूमोतो और अयाका स्टैफोर्ड ने एक-एक विकेट लिया। वहीं, श्रीलंका ने मलयेशिया को 86 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में थाइलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगा मुकाबला
इसके अलावा बांग्लादेश ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उसका और चीन का सेमीफाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। बेहतर सीडिंग की वजह से बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंच गया। सेमीफाइनल में उसका सामना 20 सितंबर को भारत और जापान के बीच जीत दर्ज करने वाली टीम से होगा। जबकि दूसरे सेमीफाइनल में उसी दिन पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी।



