अनजान लिंक पर क्लिक किया तो पड़ सकता है भारी! गोरखपुर में छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के टिप्स
गोरखपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, अधिकारों और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने OTP साझा न करने की सलाह दी।

गोरखपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा के साथ साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी सावधानी उन्हें साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध से बचा सकती है। कार्यक्रम में नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ लाइन आईपीएस अरुण कुमार एस, महिला थाना प्रभारी सुनीता सिंह और महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीना त्रिपाठी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े अनुभवों व सवालों पर संवाद किया।
अनजान लिंक और OTP से रहें सावधान
सीओ लाइन और महिला थाना प्रभारी ने छात्राओं को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने सलाह दी कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और OTP या निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।
हिंसा और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और महिलाओं के अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि हिंसा, उत्पीड़न या किसी अन्य परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस की मदद लेनी चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राएं और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें: उन्नाव जिला अस्पताल में अचानक भिड़े महिला और युवक, इमरजेंसी के बाहर जमकर मारपीट; VIDEO वायरल
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



