सीतापुर के आवासीय स्कूल में छात्रा की हालत बिगड़ी, जांच के बाद पेयजल को लेकर मिला ये अपडेट
सीतापुर के रेउसा कस्तूरबा विद्यालय में छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर प्रशासन ने जांच कराई। पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक मिली, छात्रा का इलाज फिलहाल लखनऊ में चल रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रेउसा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा-8 की छात्रा अनम की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. के निर्देश पर संयुक्त टीम विद्यालय पहुंची और छात्रा के इलाज से लेकर स्कूल के पेयजल तक की स्थिति की पड़ताल की। जांच में विद्यालय के पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
खांसी की शिकायत के बाद कराया गया इलाज
जांच के मुताबिक छात्रा को खांसी की शिकायत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सीतापुर रेफर किया गया। इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए, लेकिन दोबारा खांसी की शिकायत होने पर छात्रा को फिर सीएचसी रेउसा लाया गया।
इसके बाद 108 एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजन बेहतर उपचार के लिए छात्रा को लखनऊ ले गए।
विद्यालय पहुंची संयुक्त जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार बिसवां, खंड शिक्षा अधिकारी और सीएचसी रेउसा के अधीक्षक की संयुक्त टीम ने विद्यालय पहुंचकर जांच की। टीम ने छात्रा की तबीयत से जुड़े घटनाक्रम के साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय परिसर के पेयजल की जांच भी की।
पेयजल की गुणवत्ता मिली संतोषजनक
जांच के दौरान पेयजल के नमूनों का परीक्षण कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय में पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। छात्रा की माता ने दूरभाष पर बताया कि फिलहाल उसका उपचार लखनऊ में चल रहा है। संयुक्त टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बदायूं में रात 9 बजे घर में घुसे लोग, महिला से मारपीट और कुंडल छीनने का आरोप



