सीतापुर में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; पुलिस से मुठभेड़
सीतापुर में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने 12 घंटे में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, थानगांव पुलिस और आरोपी के बीच बेर्रा गांव के पास मुठभेड़ हुई, जिसके बाद आरोपी को दबोच लिया गया। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार के अनुसार, सोमवार को थानगांव थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसके बाद थानगांव पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और बेर्रा गांव के पास घेराबंदी की।
पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी अवधराम उर्फ भोले शंकर पुत्र बुद्धा निवासी सद्दुपुर महरिया, थाना सदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 350 रुपये नकद बरामद करने की बात कही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम
आरोपी की जल्द गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने थानगांव पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई को महिला और बाल अपराधों के खिलाफ सख्त रुख के तहत की गई कार्रवाई बताया है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: UPI Payment पर नई पाबंदी! पंजाब के पेट्रोल पंपों पर ₹2,000 की लिमिट



