कानपुर देहात की टायर फैक्ट्री में भीषण आग, तेल टैंक फटा; दो मजदूरों की मौत
कानपुर देहात के जरिहा गांव की टायर फैक्ट्री में तेल टैंक लोडिंग के दौरान भीषण आग लग गई। धमाके के बाद दो मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि कई के फंसे होने की आशंका है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर देहात में मंगलवार को एक टायर फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि तेल टैंक में जोरदार धमाका हुआ और टैंक फट गया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो मजदूरों की आग में जलकर मौत हो गई है, जबकि कुछ मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
तेल टैंक में आग के बाद हुआ जोरदार धमाका
हादसा गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित ओम JVRD टायर फैक्ट्री में हुआ। बताया गया कि तेल टैंक में लोडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और इसी दौरान टैंक में जोरदार धमाका हुआ।
धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका।
दो मजदूरों की मौत, अंदर फंसे लोगों की तलाश
हादसे में दो मजदूरों के जिंदा जलने से मौत की सूचना है। वहीं, कुछ अन्य मजदूरों के फैक्ट्री के भीतर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मौके पर गजनेर और रनियां पुलिस के साथ दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और फैक्ट्री के अंदर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं।
आग कैसे लगी, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कानपुर देहात की एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने मौके की स्थिति और राहत-बचाव कार्रवाई की जानकारी दी है। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और अंदर फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने की है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; पुलिस से मुठभेड़



