मटन-चावल खाया, रोटी मांगी… फिर ₹550 के बिल पर बवाल; CCTV से खुलेगा राज?

गोरखपुर के रेस्टोरेंट में ₹550 के बिल को लेकर विवाद हुआ। संचालक ने तीन दारोगा और दो सिपाहियों पर हंगामा व धमकी देने का आरोप लगाया। CCTV के आधार पर जांच शुरू है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में मटन-चावल खाने के बाद महज 550 रुपये के बिल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। शाहपुर थाना क्षेत्र के फातिमा बाईपास रोड स्थित एक रेस्टोरेंट संचालक ने पादरी बाजार चौकी से जुड़े तीन दारोगा और दो सिपाहियों पर हंगामा, गाली-गलौज और रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में सीओ गोरखनाथ को शिकायत दी गई है और सीसीटीवी फुटेज भी जांच के लिए उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

मटन-चावल के बाद रोटी को लेकर हुई कहासुनी

रेस्टोरेंट संचालक दुर्गेश के मुताबिक, रविवार शाम करीब छह बजे एक व्यक्ति मटन देकर गया था और मटन-चावल तैयार करने को कहा था। रात करीब 10:30 बजे काली स्कॉर्पियो से कुछ पुलिसकर्मी रेस्टोरेंट पहुंचे और मटन-चावल खाया।

आरोप है कि खाना खाने के बाद पुलिसकर्मियों ने रोटी मांगी। कर्मचारियों ने बताया कि रोटी का पहले से ऑर्डर नहीं है और इसे तैयार करने में करीब आधा घंटा लगेगा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

550 रुपये के बिल के बाद बढ़ा विवाद

संचालक के अनुसार, खाने का बिल 550 रुपये आया। आरोप है कि बिल देखते ही पुलिसकर्मी नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। संचालक का दावा है कि करीब आधे घंटे तक रेस्टोरेंट में विवाद चलता रहा। इस दौरान रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

CCTV फुटेज से होगी आरोपों की जांच

संचालक ने सीओ गोरखनाथ रवि प्रकाश सिंह को लिखित शिकायत देकर सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद तथ्य सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: कानपुर देहात की टायर फैक्ट्री में भीषण आग, तेल टैंक फटा; दो मजदूरों की मौत

Related Articles

Back to top button