गणेश विसर्जन जुलूस में अचानक हमला, नाबालिग की गर्दन पर धारदार हथियार से वार

गोरखपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि बाद में नाबालिग छात्र की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। सोमवार रात जुलूस में शामिल 15 वर्षीय नाबालिग छात्र की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने के बाद छात्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गर्दन पर करीब 10 टांके लगाए गए। उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

चप्पल लगने के बाद शुरू हुई कहासुनी

खटिकाना टोला में स्थापित गणेश प्रतिमा को सोमवार रात करीब 9:30 बजे डीजे के साथ सरयू तट की ओर विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। जुलूस में कौड़ीराम स्थित आरपीएम स्कूल का हाईस्कूल छात्र ऋषभ कुमार सोनकर (15) भी शामिल था।

बताया जा रहा है कि डीजे पर डांस के दौरान एक युवक के हाथ में मौजूद चप्पल ऋषभ को लग गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया।

कुछ देर बाद गर्दन पर किया हमला

आरोप है कि विवाद शांत होने के कुछ देर बाद उसी युवक ने ऋषभ की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया।

जुलूस में शामिल युवकों ने घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गर्दन पर करीब 10 टांके लगाए।

अस्पताल पहुंची 112 पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल छात्र व मौजूद लोगों से जानकारी ली। पुलिस आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मटन-चावल खाया, रोटी मांगी… फिर ₹550 के बिल पर बवाल; CCTV से खुलेगा राज?

Related Articles

Back to top button