खिड़की खुली थी… टेबल खाली मिली! CMO कार्यालय से 100 सरकारी फाइलें गायब

कानपुर CMO कार्यालय से करीब 100 पेंशन फाइलें और सेवा पुस्तिकाएं गायब मिली हैं। खिड़की खुली थी और बाहर झाड़ियां थीं। चकेरी पुलिस CCTV के जरिए जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के CMO कार्यालय में चोरी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चोर कैश या सामान नहीं बल्कि सरकारी कर्मचारियों के नौकरी और पेंशन से जुड़े दस्तावेज उठा ले गए। कार्यालय के एक कक्ष से करीब 100 पेंशन फाइलें और सेवा पुस्तिकाएं गायब मिली हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस कमरे से फाइलें गायब हुईं, उसकी खिड़की खुली मिली और बाहर घनी झाड़ियां थीं।

खिड़की खुली मिली, टेबल से गायब थीं फाइलें

16 सितंबर को वरिष्ठ सहायक भूप नारायण पाल पेंशन से जुड़ी पत्रावली लेने कक्ष में पहुंचे। वहां खिड़की खुली थी और टेबल पर रखी दर्जनों फाइलें गायब थीं। गायब दस्तावेजों में सेवानिवृत्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामसुमेर की व्यक्तिगत पेंशन फाइल और सेवा पुस्तिका भी शामिल बताई गई है।

फाइलें दिन में गायब हुईं या रात में, इसे लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। खिड़की के बाहर घनी झाड़ियां होने के कारण इसी रास्ते से किसी के अंदर आने-जाने की आशंका जताई जा रही है।

पेंशन और नौकरी के रिकॉर्ड गायब होने से बढ़ी चिंता

इन फाइलों में कर्मचारियों की सेवा अवधि और पेंशन से संबंधित महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मौजूद थे। ऐसे में मामला सिर्फ दस्तावेज चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करता है।

CMO हरिदत्त नेमी के निर्देश पर अब यह पता लगाया जा रहा है कि कुल कितनी और किन-किन कर्मचारियों की फाइलें गायब हुई हैं।

चकेरी थाने में FIR, CCTV खंगाल रही पुलिस

मामले में शनिवार को चकेरी थाने में FIR दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के अनुसार, पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरी करने वाले की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फाइलें कैसे गायब हुईं और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। वहीं, कार्यालय स्तर पर गायब रिकॉर्ड का पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: गणेश विसर्जन जुलूस में अचानक हमला, नाबालिग की गर्दन पर धारदार हथियार से वार

Related Articles

Back to top button