तीन दिन से लापता थी 15 साल की श्रद्धा, तालाब में शव मिला तो गांव में मचा हड़कंप

सीतापुर के बेहडामाफी गांव में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव तालाब में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव गांव के दक्षिणी तालाब में मिला। किशोरी के लापता होने के बाद से परिवार उसकी तलाश में जुटा था और पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तीन दिन से घर से लापता थी किशोरी

बेहडामाफी गांव निवासी किशोरी श्रद्धा तीन दिन पहले घर से लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को कुछ ग्रामीणों ने गांव के दक्षिणी तालाब में शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

तालाब में मिला शव, जांच शुरू

थानाध्यक्ष आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव की पहचान लापता किशोरी श्रद्धा के रूप में कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम और सनसनी का माहौल बन गया।

परिजनों ने युवक पर लगाया आरोप

किशोरी के परिजनों ने क्षेत्र के एक युवक पर प्रेम प्रसंग के चलते उसे बहकाने और घटना के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: बदायूं में एनकाउंटर! 25 हजार का इनामी जुम्मन दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button