गोरखपुर में शराब लदे टेंपो का कहर! बाइक सवार युवक को मारी जोरदार टक्कर
गोरखपुर के गुलरिहा में तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक गंभीर घायल है। टेंपो में शराब मिलने की बात सामने आई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। परिजनों ने घायल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। दुर्घटना के बाद टेंपो की जांच में शराब मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
भटहट चौकी क्षेत्र में हुआ हादसा
महराजगंज जिले के चैनपुर, पोस्ट घुघली निवासी बद्रीश पांडेय उर्फ बृजेश नारायण पांडेय मंगलवार रात करीब 10 बजे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि टेंपो चालक तेज रफ्तार में था और गलत दिशा में वाहन चला रहा था।
हादसे के बाद बद्रीश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
टेंपो में शराब मिलने का दावा
घायल के स्वजन के अनुसार, दुर्घटना के बाद टेंपो की जांच की गई तो उसमें शराब बरामद हुई। इसके बाद उन्होंने टेंपो में शराब के कथित अवैध परिवहन का मामला भी उठाया है। हालांकि शराब के परिवहन की वैधता और बरामदगी से जुड़े तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।
चालक पर कार्रवाई की मांग
घायल के स्वजन ने भटहट चौकी में प्रार्थना पत्र देकर टेंपो चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। साथ ही शराब के परिवहन के मामले में भी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: तीन दिन से लापता थी 15 साल की श्रद्धा, तालाब में शव मिला तो गांव में मचा हड़कंप



