शारजाह में हत्या के बाद शव के किए 9 टुकड़े, कार से बरामद हुआ शव; ऐसे खुला राज

मृतक अल्विन प्रकाश कुंदर पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर कार्यरत थे. पत्नी टीना और बेटा दोनों अभी लापता हैं. अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मृतक अल्विन प्रकाश कुंदर पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर कार्यरत थे. पत्नी टीना और बेटा दोनों अभी लापता हैं. अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में कर्नाटक के एक शख्स की दो महीने पहले यानी जुलाई में हत्या कर दी गई थी. उसका शव एक कार में 9 टुकड़ों में कटा हुआ मिला था. शख्स (मृतक) का नाम अल्विन प्रकाश कुंदर है. दो महीने बाद इस घटना का खुलासा हुआ है. अल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने इसकी जानकारी दी. अल्विन पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहा था.

उडुपी के कुंडापुर का रहने वाला अल्विन प्रकाश कुंदर
अल्विन प्रकाश कुंदर उडुपी के कुंडापुर का रहने वाला है. उसकी पत्नी टीना (स्कूल टीचर) और बेटा (कक्षा 10) भी वहीं रहते हैं. कुछ रिपोर्टों के मुताबिक दोनों अभी लापता हैं. अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मृतक अल्विन के भाई अनिल ने उडुपी पुलिस को ज्ञापन दिया है. पुलिस शारजाह से आधिकारिक सूचना का इंतजार कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, अनिल ने 20 जुलाई को अल्विन को फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला. बस एक मैसेज आया कि मैं ठीक हूं. यह अजीब लगा क्योंकि भाई कभी ऐसे बात नहीं करता था. एक हफ्ते बाद फिर फोन किया तो भी कोई जवाब नहीं आया. चिंता होने पर अनिल ने शारजाह में रहने वाले अल्विन के दोस्त मनोहर से संपर्क किया. मनोहर कंपनी वाले फ्लैट पर गए. चौकीदार ने बताया कि अल्विन भारत चले गए हैं. कंपनी के HR ने भी शुरू में यही कहा कि अल्विन भारत लौट गए हैं.

पासपोर्ट जांच से मिला सुराग, कार में मिले शव के 9 टुकड़े
अल्विन के भाई अनिल ने अगले दिन कंपनी को फिर फोन किया और बताया कि अल्विन भारत नहीं आए हैं. कंपनी ने पासपोर्ट चेक किया तो पता चला कि वे अभी भी शारजाह में ही हैं. इसके बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. जांच में अल्विन का शव ओमान जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक कार में मिला. शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो थैलों में रखा गया था. परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को मिली, जिसके बाद वे उडुपी पुलिस के पास गए. हत्या कैसे हुई और क्यों हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है. शारजाह पुलिस की आगे की जांच से सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.

9 टुकड़ों में काटना अनुभवी अपराधियों का काम- अनिल
अनिल ने कहा कि किसी के सीने में चाकू घोंपकर शरीर को 9 टुकड़ों में काटना अनुभवी अपराधियों का काम लगता है. उन्होंने सीसीटीवी में दो पुरुष और एक महिला को इमारत से बाहर निकलते देखा. अनिल ने बताया कि अगर पत्नी भारत आई है तो उन्हें पति की हत्या की जानकारी जरूर होगी. बेटे को भी शायद पता हो लेकिन अभी इस बात का कोई पक्का सबूत नहीं है कि वे भारत आई हैं. यहां आधिकारिक FIR दर्ज हुए बिना पासपोर्ट की जानकारी नहीं मिल सकती.

Related Articles

Back to top button