डॉक्टर पति पर पत्नी को जहरीला इंजेक्शन देने का आरोप, फिर छत से फेंका! 8 पर FIR

बरेली में डॉक्टर पति समेत आठ लोगों पर महिला को पीटने, जहरीली दवा-इंजेक्शन देने और छत से फेंकने का आरोप लगा है। कैंट पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। महिला के पिता की तहरीर के मुताबिक, ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंद कर पीटा, फिर छत पर ले जाकर गला दबाने की कोशिश की और नीचे फेंक दिया। घटना में महिला का पैर टूट गया। पुलिस ने डॉक्टर पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमरे में बंद कर पीटा, फिर छत से फेंकने का आरोप

भरतौल निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में उनकी बेटी सलौनी की शादी शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र निवासी रामगोपाल से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं। तहरीर में पति, ससुर, सास, दो देवर, ननद और जेठ पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। 21 सितंबर की सुबह महिला को कमरे में बंद कर मारपीट और बाद में छत से नीचे फेंकने का आरोप है। बाल काटने और गला दबाने की कोशिश का भी जिक्र तहरीर में है।

डॉक्टर पति पर जहरीली दवा और इंजेक्शन देने का आरोप

महिला के पिता ने आरोप लगाया कि रामगोपाल पेशे से डॉक्टर है और शादी के बाद से उनकी बेटी को कथित तौर पर जहरीली दवाएं और इंजेक्शन देता था। ससुर पर तमंचे की बट से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिता ने घायल सलौनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बच्चों से बात नहीं कराने का भी आरोप

सलौनी के पिता का कहना है कि उनके दोनों नाती फिलहाल पति के पास हैं और बेटी को उनसे फोन पर बात नहीं करने दी जा रही है। कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: OBC सूची में शामिल करने की मांग तेज, अयोध्यावासी वैश्य समाज ने उठाया बड़ा मुद्दा

Related Articles

Back to top button