जेब से गिरे या बाजार में छूटे… महराजगंज पुलिस ने खोज निकाले 110 मोबाइल
महराजगंज पुलिस ने CEIR और सर्विलांस तकनीक से 110 खोए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे। छह महीने में 628 फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 1.78 करोड़ रुपये है।

महराजगंज। जेब से मोबाइल गिर जाए या भीड़ में कहीं छूट जाए तो उसे वापस पाना मुश्किल लगता है। लेकिन महराजगंज पुलिस की तकनीक आधारित कार्रवाई से कई लोगों के चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई। सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से 110 खोए मोबाइल बरामद किए। बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ये फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
छह महीने में 628 मोबाइल की बरामदगी
पुलिस के मुताबिक, बरामद 110 मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये है। वहीं पिछले छह महीनों में सर्विलांस सेल ने कुल 628 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.78 करोड़ रुपये बताई गई है। मोबाइल की तलाश में IMEI नंबर के आधार पर ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण का इस्तेमाल किया गया।
बाजार से लेकर बस और धार्मिक स्थलों तक खोए फोन
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में ऐसे फोन भी शामिल हैं जो बाजार, मंडी, बस, ऑटो और टैक्सी में छूट गए थे। कई मोबाइल बाइक चलाते समय जेब से गिर गए, जबकि कुछ पार्क, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में गुम हुए। बच्चों के गेम खेलने के दौरान मोबाइल छूट जाने के मामले भी सामने आए। फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें ये काम
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस सेल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं और संबंधित थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं। इससे IMEI नंबर के जरिए तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश में मदद मिल सकती है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



