होमगार्ड भर्ती में योगेंद्र की मौत के बाद गांव पहुंचे अजय राय, परिवार से मिलकर जताई संवेदना
सीतापुर के मढ़िया रहीमपुर में अजय राय और सांसद राकेश राठौर ने योगेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात की। होमगार्ड भर्ती के दौरान हुई मौत के बाद परिवार को साथ का भरोसा दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में लखनऊ होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान जान गंवाने वाले योगेंद्र सिंह के परिवार से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद राकेश राठौर ने मुलाकात की। दोनों नेता रामकोट थाना क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना जताई। योगेंद्र की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच का रुख भी बदला है।
मढ़िया रहीमपुर पहुंचकर परिजनों से मिले
अजय राय और राकेश राठौर स्वर्गीय योगेंद्र सिंह के घर पहुंचे। दोनों नेताओं ने परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान परिजनों को ढांढस बंधाया गया।
होमगार्ड भर्ती के दौरान हुई थी मौत
योगेंद्र सिंह सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर गांव के रहने वाले थे। 15 सितंबर को लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी थी और बाद में उनकी मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद जांच में आया नया मोड़
मामले में सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक योगेंद्र की मौत का कारण गले में 250 एमएल की प्लास्टिक पानी की बोतल फंसने से दम घुटना बताया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान भी बताए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अजय राय और राकेश राठौर की परिवार से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 24 सितंबर को दिल्ली की जगह जिलों में प्रदर्शन, गोरखपुर में आजाद समाज पार्टी ने उठाई आवाज



