शिव मंदिर की जमीन पर बना दिया रास्ता? बदायूं में ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

बदायूं के कादरचौक के रमजानपुर गांव में प्राचीन शिव मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण और जबरन रास्ता बनाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार से न्याय की गुहार लगाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में प्राचीन शिव मंदिर की भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। रमजानपुर गांव के ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर मंदिर परिसर की चारदीवारी से जबरन रास्ता निकालने और भूमि पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते को लेकर विवाद अब टकराव की स्थिति तक पहुंच गया है।

चारदीवारी से रास्ता निकालने का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोगों ने अपनी दीवार हटाकर मंदिर परिसर की चारदीवारी के पास से जबरन रास्ता बना लिया है। आरोप है कि अब जब ग्रामीण मंदिर की चारदीवारी को ऊंचा करने की कोशिश कर रहे हैं तो संबंधित लोग विरोध कर रहे हैं और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हैं। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।

थाने में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मामले को लेकर कादरचौक थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर की भूमि और चारदीवारी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में किसी अप्रिय स्थिति से पहले प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की गई है।

नायब तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार

मामले में ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देकर नायब तहसीलदार से न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नायब तहसीलदार के आदेश के बावजूद थाना पुलिस द्वारा उसका अनुपालन नहीं कराया जा रहा है। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर परिसर की भूमि की स्थिति स्पष्ट कराने और चारदीवारी से बनाए गए कथित रास्ते को लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है। मामले में प्रशासन और पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: ED की रेड या राजनीतिक दबाव? हरदीप मुंडियां ने खोले कई राज, BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Related Articles

Back to top button