सीतापुर में बारिश का कहर! कच्ची दीवार के मलबे में दबकर 8 बकरियों की मौत

सीतापुर के कमलापुर के कुसमौरा गांव में बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से 8 बकरियों की मौत और 4 घायल हो गईं। कई गांवों में कच्चे मकानों को नुकसान की सूचना है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर में लगातार हो रही बारिश अब ग्रामीण इलाकों में नुकसान का सबब बन रही है। कमलापुर थाना क्षेत्र के कुसमौरा गांव में शुक्रवार सुबह कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार के पास बंधी 12 बकरियां मलबे की चपेट में आ गईं। हादसे में आठ बकरियों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हैं। घटना से पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

बारिश के बीच अचानक ढही कच्ची दीवार

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डायल-112 पर कुसमौरा गांव में दीवार गिरने की सूचना मिली। गांव निवासी पप्पू पुत्र हीरालाल की कच्ची दीवार लगातार बारिश के बीच अचानक ढह गई। दीवार के पास रामप्रसाद पुत्र गोकरन की 12 बकरियां बंधी थीं, जो मलबे में दब गईं।

मलबा हटाया तो सामने आया बड़ा नुकसान

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कमलापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद बकरियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक आठ की मौत हो चुकी थी। चार बकरियां घायल मिलीं। पुलिस ने पशु चिकित्सक को सूचना दी, जिसके बाद घायल बकरियों का उपचार कराया जा रहा है। मृत बकरियों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई है।

कई गांवों में कच्चे मकानों पर खतरा

बारिश के कारण केवलपुर, गौरा समेत आसपास के कई गांवों में कच्चे मकानों और दीवारों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। ग्रामीणों ने जर्जर मकानों का सर्वे कराने, जोखिम वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता देने की मांग की है। मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी सिधौली को भी दी गई है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर 

यह भी पढ़ें: रातभर बारिश और सुबह मातम… कच्ची दीवार के मलबे में दबा 35 साल का युवक

Related Articles

Back to top button