सफाई कर्मचारियों के PF में बड़ा खेल? बिसवां नगर पालिका के दो लिपिकों पर मुकदमा

सीतापुर के बिसवां नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों की PF राशि में कथित गड़बड़ी के मामले में दो लिपिकों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क:  सीतापुर की बिसवां नगर पालिका परिषद में सफाई कर्मचारियों की भविष्य निधि (PF) की रकम के भुगतान में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कर्मचारियों के खातों में जाने वाली धनराशि दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई और PF सूची पर अधिशासी अधिकारी के कथित फर्जी हस्ताक्षर किए गए। मामले में दो लिपिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

PF की रकम दूसरे खातों में भेजने का आरोप

पालिका के लिपिक गणेश प्रसाद की तहरीर के आधार पर कोतवाली बिसवां में लिपिक धीरज कुमार और तत्कालीन लेखा लिपिक आशीष कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तहरीर और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सफाई कर्मचारियों की PF राशि उनके खातों के बजाय धीरज कुमार के वेतन खाते, पालिका के कुछ कर्मचारियों और अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर किए जाने का आरोप है।

फर्जी हस्ताक्षर और चेक को लेकर सवाल

जांच रिपोर्ट के अनुसार SBI बिसवां भेजी जाने वाली PF सूची पर अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर जरूरी थे। आरोप है कि सूची पर कथित फर्जी हस्ताक्षर कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं PF भुगतान से जुड़े चेक संबंधित कर्मचारियों को देने के बजाय सीधे धीरज कुमार को दिए जाने का भी आरोप है। तत्कालीन लेखा लिपिक की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

आवास भत्ते और उपस्थिति को लेकर भी आरोप

जांच में धीरज कुमार पर जलकल परिसर में सरकारी आवास आवंटित होने के बावजूद आवास भत्ता लेने और जनवरी 2026 में निलंबन के बाद हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिलने पर बिना सक्षम आदेश के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पालिका की जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: रात के अंधेरे में घर में घुसे चोर, 3 बैटरी और इन्वर्टर समेत नकदी ले उड़े

Related Articles

Back to top button