भारत-वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे कल

  • शुभमन गिल को नेट्स पर लगी चोट, मेहमानों ने नहीं किया अभ्यास

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
तिरुवनंतपुरम। भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज का पहला मैच 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाना है। दोनों टीमें इस मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इसमें पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा भी खेलते हुए नजर आएंगे, इसलिए इसको लेकर रोमांच भी काफी बढ़ा हुआ है। इन दोनों की बल्लेबाजी पर सभी की नजर रहेगी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी मुकाबले से पहले नेट्स पर चोट लगने से टीम की चिंता बढ़ गई। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की उठती हुई गेंद गिल की कोहनी पर जा लगी, जिसके बाद वह दर्द में नजर आए और करीब 20 मिनट तक उन्हें चिकित्सकीय मदद की जरूरत पड़ी।
गिल इसके बाद कुछ समय के लिए नेट्स से दूर रहे, लेकिन बाद में उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी शुरू की। उन्होंने थ्रोडाउन का सामना किया और इसके बाद भारतीय टीम ने अपना अभ्यास सत्र समाप्त किया। चोट कितनी गंभीर है, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच भारतीय क्रिकेट के दो अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा भी नेट्स पर साथ नजर आए। कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के पिछले वनडे मुकाबले में नहीं खेले थे। दोनों दिग्गजों ने करीब 20 मिनट तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया। वे एक-दूसरे से सटे नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे थे और भारतीय गेंदबाजों के अलावा स्थानीय नेट गेंदबाजों के मिश्रित गेंदबाजी समूह का सामना किया। दोनों बल्लेबाज अभ्यास के दौरान सहज नजर आए। वेस्टइंडीज की टीम 23 सितंबर को तिरुवनंतपुरम पहुंच चुकी है, लेकिन शुक्रवार तक उसने मैदान पर अभ्यास नहीं किया था।

एशियन गेम्स: नेपाल ने अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराया

निशिन। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट में बड़ा उलटफेर हुआ है। शुक्रवार को कोरोगी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए ग्रूप ए के मुकाबले में नेपाल क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 102 रन ही बना सकी। जवाब में नेपाल ने 16 गेंद शेष रहते यानी 17.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब अफगानिस्तान ने लीग चरण में अपने दो मुकाबलों में एक जीत और एक हार दर्ज की है। उसके पास अब कोई मैच बाकी नहीं है, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण वह तीन टीमों वाले ग्रूप ए की तालिका में शीर्ष पर है। नेपाल ने अपना पहला मैच जीत लिया है और अब वह अपने आखिरी लीग मुकाबले में बिना जीत वाली जापान की टीम से खेलेगा। लीग चरण में प्रत्येक टीम को केवल दो मैच खेलने हैं और हर ग्रूप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी। नेपाल अगर जापान को हरा देता है तो वह इस ग्रूप में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जाएगा। भारत का सामना ग्रूप-ए में ही दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से क्वार्टर फाइनल में होगा। यह मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button