गोरखपुर एयरपोर्ट पर मौसम की मार! 7 घंटे लेट हुई फ्लाइट, मुंबई-दिल्ली की दो सेवाएं रद
गोरखपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं से एयर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। कई उड़ानें घंटों लेट रहीं, जबकि मुंबई और दिल्ली की एक-एक सेवा खराब मौसम के कारण रद हुई।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: लगातार बारिश और तेज हवाओं ने शनिवार को गोरखपुर एयरपोर्ट की रफ्तार भी धीमी कर दी। खराब मौसम के चलते इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट की कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं। वहीं मुंबई और दिल्ली की एक-एक सेवा रद करनी पड़ी। नवी मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को मौसम के कारण भोपाल डायवर्ट किया गया, जिसके बाद यात्रियों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा।
नवी मुंबई की फ्लाइट करीब 7 घंटे प्रभावित
इंडिगो की नवी मुंबई-गोरखपुर उड़ान सबसे ज्यादा प्रभावित रही। विमान को सुबह 11:10 बजे गोरखपुर पहुंचना था, लेकिन यह दोपहर 3:50 बजे पहुंचा। वापसी उड़ान का निर्धारित समय 11:55 बजे था, जबकि विमान शाम 6:54 बजे रवाना हुआ। यानी वापसी में 6 घंटे 59 मिनट की देरी हुई। विमान को पहले भोपाल डायवर्ट किया गया था।
दिल्ली समेत कई रूट पर उड़ानें लेट
इंडिगो की दिल्ली-गोरखपुर सेवा की वापसी उड़ान 29 मिनट देरी से रवाना हुई। अकासा एयर की दिल्ली सेवा का आगमन 46 मिनट और वापसी 52 मिनट विलंबित रही। शाम की इंडिगो दिल्ली सेवा की वापसी उड़ान भी 18 मिनट देर से रवाना हुई।
इंडिगो की हैदराबाद सेवा में आगमन 13 मिनट और वापसी 44 मिनट विलंबित रही। अकासा एयर की बेंगलुरु उड़ान लगभग समय पर पहुंची, लेकिन वापसी 39 मिनट देरी से रवाना हुई।
मुंबई और दिल्ली की दो सेवाएं रद
मौसम के कारण इंडिगो की मुंबई-गोरखपुर सेवा 6E2280/6E6951 रद रही। फ्लाइट-स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार विमान को दिल्ली डायवर्ट किया गया। इसके अलावा स्पाइसजेट की दिल्ली-गोरखपुर-दिल्ली सेवा SG2471/SG2472 भी खराब मौसम के कारण रद रही।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट का ताजा स्टेटस पता करने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव के साथ उड़ानों के समय में आगे भी बदलाव संभव है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: ‘सपा जॉइन कर लिए क्या?’ जलनिकासी पर रवि किशन और पार्षद की फोन बातचीत का वीडियो वायरल



