मुंबई में CJP के प्रदर्शन को नहीं मिली इजाजत, दीपके ने कहा- अब पीछे नहीं हटेंगे, होगा जेल भरो आंदोलन
CJP को मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: CJP को मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया. CJP ने ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने की चेतावनी दी है.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को मुंबई के प्रतिष्ठित शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था,
हालांकि मुंबई पुलिस ने रविवार को उन्हें इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया.दिपके ने कहा कि पुलिस के इस फैसले के बाद संगठन गांधी जयंती के दिन मुंबई में जेल भरो आंदोलन शुरू करेगा.
इधर मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के 2013 के आदेश के अनुसार, शिवाजी पार्क में किसी भी सभा के लिए अनुमति देने का अधिकार उसे नहीं है. उनके स्पष्टीकरण में कहा गया है कि यह साइलेंस जोन है.
पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें कहा गया है हाईकोर्ट के 2013 के फैसले और महाराष्ट्र सरकार के बाद के आदेश के अनुसार, मुंबई पुलिस को शिवाजी पार्क में किसी भी तरह के जमावड़े के लिए अनुमति देने का अधिकार नहीं है.
पुलिस ने दूसरी जगह तलाशने की कही बात
इसके सात ही पुलिस ने ये भी कहा कि आवेदक अजिंक्य शिंदे को यह बात समझा दी गई है और उन्हें सलाह दी गई है कि वे विरोध-प्रदर्शन के लिए मुंबई शहर में कोई दूसरी जगह देखें और अनुमति के लिए आवेदन करें, जिस पर उचित तरीके से विचार किया जाएगा.
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
25 सितंबर को अभिजीत दिपके ने कहा था ‘अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार कल तक इस्तीफा नहीं देते हैं, तो कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 2 अक्टूबर को मुंबई से अपना राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी और इसे भारत के दूसरे शहरों में ले जाएगी. इस गांधी जयंती पर, आइए लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लें’. हालांकि पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया.
CJP का जेल भरो आंदोलन का ऐलान
वहीं CJP ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ‘मुंबई पुलिस ने हमारे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की इजाज़त देने से इनकार कर दिया है.
वोट देने के अधिकार के बाद अब हमसे विरोध करने का अधिकार भी छीना जा रहा है. अगर इजाज़त नहीं मिली, तो इस गांधी जयंती पर महात्मा गांधी के रास्ते पर चलते हुए CJP ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करेगा!’.



