तिरुवनंतपुरम में कोहली ने लगाई रिकार्डों की झड़ी

- विराट के 139 रनों की बदौलत वेस्टइंडीज को पहले वनडे भारत ने 8 विकेट से हराया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
तिरुवनंतपुरम। विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम वनडे में अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई। कोहली ने 119 गेंदों में 139 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने वनडे में 15 हजार रन पूरे किए। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 18,426 रन बनाए हैं। भारत में कोहली के वनडे रनों की संख्या 7006 हो गई है। वह किसी एक देश में 7000 वनडे रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के भारत में बनाए 6976 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
कोहली ने रविवार को वनडे की एक पारी में नौ छक्के लगाए। यह इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक छक्कों का आंकड़ा है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ आठ छक्कों का था। वेस्टइंडीज के खिलाफ कोहली का शतक लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका 60वां शतक था। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों के नाम अब इस प्रारूप में 60-60 शतक हैं। कोहली ने तिरुवनंतपुरम में तीन वनडे पारियों में 338 रन बनाए हैं और इस दौरान एक बार भी आउट नहीं हुए। किसी मैदान पर बिना आउट हुए बल्लेबाज के सबसे ज्यादा वनडे रन का यह रिकॉर्ड है। भारतीय टीम ने कोहली और कप्तान शुभमन गिल के शतकों की मदद से वेस्टइंडीज पर आठ विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने इस तरह तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने जस्टिन ग्रीव्स के शतक की मदद से 50 ओवर में सात विकेट पर 295 रन बनाए। ग्रीव्स ने 101 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप ने चार विकेट झटके। जवाब में कोहली और गिल ने शतक लगाए जिसकी मदद से भारत ने 41.4 ओवर में दो विकेट पर 300 रन बनाकर जीत दर्ज की। गिल ने 110 रन की पारी खेली।
एशियन गेम्स: बिना टॉस के सेमीफाइनल में पहुंचे भारत और पाकिस्तान
निशिन। भारत और अफगानिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 पुरुष क्रिकेट का क्वार्टर फाइनल बारिश की वजह से बिना टॉस हुए रद्द हो गया। लगातार खराब मौसम और मैदान की स्थिति के कारण मैच को रद्द करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। इससे पहले भी इस वेन्यू पर पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला बिना टॉस के रद्द हुआ था। मैदान की स्थिति ऐसी नहीं थी कि मैच शुरू कराया जा सके। अधिकारियों के पास मुकाबले को छोटा करके कराने का भी कोई व्यावहारिक मौका नहीं बचा और आखिरकार मैच को रद्द करने का फैसला किया गया। वहीं, अफगानिस्तान के लिए यह बेहद निराशाजनक अंत रहा। टीम ने ग्रूप चरण में खेलकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन भारत के खिलाफ नॉकआउट मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। इस तरह भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला एक बार फिर मैदान पर तय नहीं हो सका और भारतीय टीम नियमों के आधार पर अगले दौर में पहुंच गई।



