बांदा में जुए के अड्डे पर देर रात पुलिस की रेड, 11 गिरफ्तार; 1.31 लाख कैश और गाड़ियां जब्त

बांदा के नरैनी में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 1.31 लाख रुपये नकद, मोबाइल, कार और तीन बाइक जब्त की गईं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बांदा के नरैनी में देर रात पुलिस ने जुए के एक कथित बड़े अड्डे पर छापा मारकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मौके से 1,31,970 रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, एक कार और तीन बाइक बरामद की गईं। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

राइस मिल के पास चल रहा था जुआ

मामला नरैनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, सीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम देर रात गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांदा रोड स्थित एक राइस मिल के पास पंकज के दफ्तर में हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी की और अचानक छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

11 लोग गिरफ्तार, 1.31 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी और जुए के फड़ से कुल 1,31,970 रुपये नकद और 10 मोबाइल फोन बरामद होने की बात कही गई है। इसके अलावा मौके पर खड़ी एक कार और तीन मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज किया। सीओ नरैनी प्रवीण कुमार के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

जुआ अधिनियम में केस दर्ज

नरैनी पुलिस ने गिरफ्तार सभी 11 लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ संचालित करने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

रिपोर्ट: इकबाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में युवक की मौत पर बड़ा सवाल! परिजन बोले- फांसी नहीं, हत्या कर शव लटकाया गया

Related Articles

Back to top button