FCRA रजिस्ट्रेशन केस में बड़ी कार्रवाई, गृह मंत्रालय के 2 अधिकारी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर FCRA पंजीकरण के बदले रिश्वत मांगने वाले दो सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक अधिकारी गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन में तैनात है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर FCRA पंजीकरण के बदले रिश्वत मांगने वाले दो सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक अधिकारी गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन में तैनात है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर सोमवार (28 सितंबर 2026) को दो सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया. इन अधिकारियों पर एक एसोसिएशन से FCRA (विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम) रजिस्ट्रेशन कराने के बदले कथित तौर पर रिश्वत मांगने का आरोप है.
गृह मंत्रालय से मिली विशेष सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर दोनों सरकारी अधिकारियों को पकड़ा. बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों में से एक सीनियर अकाउंटेंट और दूसरा अकाउंटेंट के पद पर तैनात है.
दोनों अधिकारियों पर आरोप
जानकारी के मुताबिक दोनों अधिकारियों पर आरोप है कि दोनों ने एक एसोसिएशन से संपर्क कर उसके लंबित FCRA रजिस्ट्रेशन को आगे बढ़ाने के बदले अवैध रकम की मांग की थी. जिसकी जानकारी मिलने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की गई.
कहां तैनात हैं अधिकारी
बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों अधिकारियों में से एक अधिकारी फिलहाल गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन में तैनात है. वहीं दूसरा अधिकारी वर्तमान में पे एंड अकाउंट्स ऑफिस में तैनात है और इससे पहले वो फॉरेनर्स डिवीजन में भी काम कर चुका है.
अवैध रकम लेने की बात सामने आई
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों अधिकारी कुछ एसोसिएशनों के संपर्क में थे और रजिस्ट्रेशन एवं उसके नवीनीकरण में मदद करने के बदले अवैध रकम लेने की बात सामने आई है. दोनों अधिकारी FCRA रजिस्ट्रेशन कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़े गए. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि इसमें और कोई भी शामिल है या नहीं साथ ही इससे पहले भी क्या इन लोगों ने रिश्वत ली थी.
गृह मंत्रालय ने क्या कहा
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और इस मामले में उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा रही है. मंत्रालय के मुताबिक, FCRA से जुड़ी सभी सेवाएं FCRA पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं. किसी भी FCRA सेवा में मदद के लिए कोई बिचौलिया, एजेंट या व्यक्ति अधिकृत नहीं है.



