बेंगलुरु में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, बीकॉम छात्र की चाकू मारकर हत्या
बेंगलुरु में कॉलेज के पास छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प में 19 वर्षीय बीकॉम छात्र योगेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल आरोपी कॉलेज के छात्र नहीं है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बेंगलुरु में कॉलेज के पास छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प में 19 वर्षीय बीकॉम छात्र योगेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल आरोपी कॉलेज के छात्र नहीं है.
बेंगलुरु में एक सनसनीखेज घटना घटी है. यहां एक कॉलेज के पास छात्रों के गुटों के बीच हुई झड़प में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. ये घटना बेंगलुरु के नागरबावी में हुई, जोकि अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. मृतक की पहचान योगेश (19) के रूप में हुई है. मृतक नागरबावी के महेश पीयू कॉलेज का छात्र था.
इस घटना के संबंध में अन्नपूर्णेेश्वरी नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है और उसने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की है. जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर की दोपहर शहर के एक कॉलेज के पास छात्रों के दो समूहों के बीच झड़प हो गई. इस घटना में बीकॉम का छात्र योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए.
डीसीपी यतीश ने क्या कहा?
योगेश के दोस्तों ने उसको तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई. इस घटना के बारे में बताते हुए पश्चिम डिवीजन के डीसीपी यतीश ने कहा, “यह दुखद घटना 30 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे कॉलेज के पीछे घटी. किसी ने योगेश को फोन करके नीचे आने को कहा.’
हत्या के आरोपी कॉलेज के छात्र नहीं
उन्होंने बताया, “जब वह कॉलेज के पीछे स्थित जिम में पहुंचा, तो वहां जमा हुए छात्रों के दो समूहों के बीच तीखी बहस छिड़ गई. हाथापाई के दौरान, समूह के चार-पांच लोगों में से एक ने योगेश की छाती में चाकू से वार कर दिया.” अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पता चला है कि हत्या के आरोपी कॉलेज के छात्र नहीं हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना की जांच कर रही है. डीसीपी यतीश ने बताया कि फरार चार-पांच आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष पुलिस दल गठित किया गया है.



