पहले शादी का भरोसा, फिर आपत्तिजनक वीडियो और धमकी का आरोप; बरेली में 8 पर रिपोर्ट
बरेली में महिला सिपाही ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण, आपत्तिजनक वीडियो और धमकी का आरोप लगाया। पुलिस ने युवक समेत आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: आंवला थाने में तैनात महिला सिपाही ने बजरिया निवासी युवक पर शादी का भरोसा देकर करीब एक साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने युवक, उसके माता-पिता समेत परिवार के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आपत्तिजनक वीडियो बनाने, शादी से मुकरने, मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी के आरोप भी लगाए हैं।
आंवला में तैनाती के दौरान हुई थी पहचान
महिला सिपाही के अनुसार, आंवला में तैनाती के दौरान उसकी आरोपी युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां हुईं। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया। महिला का कहना है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर युवक उसे अपने घर ले गया, जहां परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट और धमकी दी।
दो साल पहले भी हुई थी शिकायत
महिला सिपाही ने बताया कि करीब दो साल पहले भी उसने युवक के खिलाफ शिकायत की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। आरोप है कि कुछ समय बाद युवक ने दोबारा संपर्क कर शादी का भरोसा दिया, लेकिन बाद में फिर मुकर गया। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की।
आरोपी पक्ष ने भी लगाए आरोप
मामले में आरोपी युवक के परिवार ने भी महिला सिपाही और उसके परिचितों के खिलाफ तहरीर दी है। परिवार का आरोप है कि महिला अपने परिचितों के साथ उनके घर पहुंची और मारपीट कर सामान छीन लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर होगी।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: सीतापुर में दर्दनाक हादसा: बेटे को बचाने नाले में उतरे पिता, दो किशोरों समेत तीन की मौत



