साढ़े 6 बीघा जमीन गई तो कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप
उन्नाव कलेक्ट्रेट के बाहर युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। युवक ने मियागंज ब्लॉक प्रमुख और उनके भाइयों पर साढ़े 6 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। एडीएम ने जांच के आदेश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः उन्नाव कलेक्ट्रेट के बाहर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। गेट पर तैनात पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते युवक को पकड़ लिया और बड़ी अनहोनी टल गई। युवक ने मियागंज ब्लॉक प्रमुख और उनके भाइयों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है।
साढ़े 6 बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप
पीड़ित युवक मोहन द्विवेदी का आरोप है कि मियागंज ब्लॉक प्रमुख और उनके भाइयों ने लेखपाल के साथ मिलकर उसकी करीब साढ़े 6 बीघा जमीन पर जेसीबी चलवाकर जबरन कब्जा कर लिया। मोहन का कहना है कि उसने जमीन से जुड़े मामले को लेकर कई अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।
फर्जी मुकदमों और पुलिस उत्पीड़न का भी आरोप
मोहन ने आरोप लगाया कि विरोधियों ने उसके खिलाफ कई फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए हैं। उसका यह भी कहना है कि माखी थाना पुलिस भी विरोधियों के साथ मिलकर उसका उत्पीड़न कर रही है। लगातार परेशान होने और जमीन छिनने की स्थिति से निराश होकर उसने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आत्मदाह जैसा कदम उठाने की कोशिश की।
एडीएम ने मौके पर पहुंचकर दिया न्याय का भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही अपर जिलाधिकारी सुशील गोंड मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाकर शांत कराया और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। एडीएम ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। जमीन कब्जे और लगाए गए अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट- रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: BJP के 41 पार्षदों पर गंभीर आरोप, 22 नोटिस के बाद भी 12 को टिकट



