किसानों के लिए बड़ी खबर! बाजरा का ₹2900 MSP, बरेली मंडल में 25 क्रय केंद्र तैयार

बरेली मंडल में बाजरा खरीद की तैयारियां तेज हैं। 25 क्रय केंद्रों पर बाजरा ₹2900 प्रति क्विंटल MSP पर खरीदा जाएगा। किसानों के लिए पानी, छांव और टोकन की व्यवस्था होगी।

बरेली मंडल में बाजरा और मक्का की खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की जमीनी पड़ताल शुरू हो गई है। सोमवार को सम्भागीय खाद्य नियंत्रक सौम्या पाण्डेय ने डेलापीर मंडी स्थित बाजरा क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रखने और किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

मंडल में 25 बाजरा और 4 मक्का क्रय केंद्र

निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों की व्यवस्थाएं और प्रबंधन सामान्य तौर पर संतोषजनक पाया गया। सौम्या पाण्डेय ने बताया कि पूरे बरेली मंडल में 25 बाजरा और चार मक्का क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2900 रुपये प्रति क्विंटल, जबकि मक्का का समर्थन मूल्य 2410 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

किसानों के लिए पानी, छांव और बैठने की व्यवस्था

क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान, स्वच्छ पेयजल और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि खरीद के दौरान किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो और केंद्रों पर सभी जरूरी इंतजाम उपलब्ध रहें।

पंजीकरण-सत्यापन के बाद होगी खरीद

बाजरा और मक्का की खरीद किसान के पंजीकरण एवं सत्यापन के बाद ही की जाएगी। निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने वाला खाद्यान्न ही खरीदा जाएगा। किसी केंद्र पर किसानों की संख्या अधिक होने पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर टोकन जारी किए जाएंगे। खाद्य विभाग ने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: नवरात्रि से पहले बरेली में बड़ा एक्शन! गड्ढों वाली सड़कों पर BDA की सख्ती, ठेकेदारों को नोटिस

Related Articles

Back to top button