नवरात्रि से पहले बरेली में बड़ा एक्शन! गड्ढों वाली सड़कों पर BDA की सख्ती, ठेकेदारों को नोटिस

नवरात्रि से पहले बरेली की BDA क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। खराब निर्माण मिलने पर ठेकेदारों को नोटिस और जरूरत पड़ने पर अपने खर्च पर सड़क दोबारा बनानी होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः नवरात्रि से पहले बरेली शहर की सड़कों को लेकर बीडीए ने सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने अपनी ओर से बनाई गई और निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। जहां सड़कें टूटी मिलीं या निर्माण की गुणवत्ता में खामी सामने आई, वहां संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

गड्ढे मिले तो ठेकेदारों को नोटिस

बीडीए की टीम के निरीक्षण में कई स्थानों पर सड़क की सतह क्षतिग्रस्त मिली और गड्ढे भी पाए गए। कुछ जगह मरम्मत की रफ्तार भी संतोषजनक नहीं थी। इसके बाद ठेकेदारों को तत्काल खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियंताओं को मौके पर निगरानी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सिर्फ गड्ढे भरने की खानापूर्ति नहीं

बीडीए ने साफ किया है कि सड़क सुधार अभियान में महज गड्ढे भरकर औपचारिकता पूरी नहीं की जाएगी। क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित कर तकनीकी मानकों के अनुसार मरम्मत कराई जाएगी। नवरात्रि शुरू होने से पहले सड़कों का दोबारा निरीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि काम की गुणवत्ता परखी जा सके।

खराब सड़क बनी तो अपने खर्च पर सुधार

जांच में निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय होगी। अनुबंध की शर्तों के मुताबिक दोषपूर्ण निर्माण को ठेकेदार से अपने खर्च पर दोबारा दुरुस्त कराया जा सकता है। लापरवाही मिलने पर अन्य कार्रवाई भी संभव है। बीडीए अब सड़क बनाने के साथ उसके रखरखाव और निर्माण के बाद की गुणवत्ता पर भी निगरानी बढ़ाएगा। इससे नवरात्रि के दौरान शहर में बेहतर आवागमन की उम्मीद है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: राज्यसभा में बरेली का डंका! भाजपा ने श्रुति गंगवार और धर्मपाल सिंह पर लगाया बड़ा दांव

Related Articles

Back to top button