ठूठीबारी में व्यापार मंडल का बड़ा फैसला, अजय जायसवाल अध्यक्ष तो आदित्य पटवा बने महामंत्री
महराजगंज के ठूठीबारी में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नई कार्यकारिणी बनी। अजय कुमार जायसवाल अध्यक्ष और आदित्य पटवा महामंत्री चुने गए। टीम ने व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज के प्रमुख व्यापारिक कस्बे ठूठीबारी में व्यापारियों को अब अपनी समस्याओं के लिए नई टीम का सहारा मिलेगा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की स्थानीय इकाई का गठन सर्वसम्मति से किया गया। जिला अध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल की मौजूदगी में व्यापारियों ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं।
अजय जायसवाल अध्यक्ष, आदित्य पटवा को महामंत्री की जिम्मेदारी
व्यापारियों की सहमति से कृषि व्यवसायी अजय कुमार जायसवाल को अध्यक्ष और आदित्य पटवा को महामंत्री मनोनीत किया गया। अमित निगम, अंकित निगम और अग्निवेश वर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। आत्मा कसौधन को कोषाध्यक्ष और दीपू निगम को मंत्री की जिम्मेदारी मिली।
चंद्रशेखर निगम को संरक्षक, जबकि संदीप कुमार निगम और विप्लव मद्धेशिया को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पिंटू कसौधन, उमेश रौनियार, विपिन कसौधन, बासुकी कसौधन, विजय कसौधन, अनूप जायसवाल और सज्जन लाल निगम को चुना गया।
नई टीम ने व्यापारी हितों के लिए लिया संकल्प
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समस्याओं को अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाया जाएगा।
बॉर्डर क्षेत्र के मुद्दों को मजबूती से उठाने का भरोसा
प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में शक्ति होती है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में शिक्षकों की GST क्लास! CA ने आसान उदाहरणों से समझाई टैक्स की पूरी कहानी



