बुरहानपुर से पिस्टल लेकर गोरखपुर पहुंचा युवक, STF ने ग्राहक तक पहुंचने से पहले दबोचा

गोरखपुर में एसटीएफ ने दो .32 बोर पिस्टल के साथ युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी बुरहानपुर से असलहा खरीदकर गोरखपुर में बेचने पहुंचा था। नेटवर्क की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर में अवैध असलहों की सप्लाई का एक और मामला सामने आया है। एसटीएफ ने कैंट क्षेत्र के पैडलेगंज के पास सोमवार रात एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो .32 बोर की पिस्टल, एक कारतूस और मैग्जीन बरामद हुई हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से पिस्टल खरीदकर गोरखपुर में बेचने पहुंचा था।

पैडलेगंज में ग्राहक का इंतजार करते पकड़ा गया

गिरफ्तार युवक की पहचान मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र निवासी रितेश दत्त त्रिपाठी उर्फ बोलबम त्रिपाठी उर्फ अभिषेक छोटू के रूप में हुई है। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध असलहों के साथ पैडलेगंज के पास किसी का इंतजार कर रहा है। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह सिक्टौर के पास रहने वाले ‘डॉक्टर’ नाम के व्यक्ति को पिस्टल देने आया था।

12-12 हजार में खरीदी, 15-20 हजार के मुनाफे की तैयारी

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी राजीव यादव के साथ बुरहानपुर गया था। वहां दोनों पिस्टल 12-12 हजार रुपये में खरीदी गई थीं। इन्हें गोरखपुर में अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस अब इस खरीद-फरोख्त के पीछे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

मोबाइल से खुल सकता है असलहा नेटवर्क का राज

एसटीएफ ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। फोन में मिले नंबरों और बातचीत के आधार पर बुरहानपुर से गोरखपुर तक चल रहे संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। टीम यह भी पता लगा रही है कि अब तक कितने लोगों तक अवैध असलहे पहुंचाए गए हैं। सीओ कैंट अरुण कुमार एस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में जोरदार धमाका! हवा की टंकी फटने से युवक का हाथ शरीर से अलग, दो घायल

Related Articles

Back to top button