गोरखपुर में जोरदार धमाका! हवा की टंकी फटने से युवक का हाथ शरीर से अलग, दो घायल

गोरखपुर के जंगल कौड़िया में धुलाई सेंटर पर हवा की टंकी फटने से बड़ा हादसा हुआ। संचालक का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि एक अन्य युवक गंभीर घायल है।

गोरखपुर के जंगल कौड़िया क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। बलुआ गांव में धुलाई सेंटर पर वाहनों के टायरों में हवा भरने के दौरान अचानक टंकी फट गई। हादसा इतना भीषण था कि सेंटर संचालक आनंद सिंह (40) का हाथ शरीर से अलग हो गया। वहीं पास में काम कर रहे आशीष (25) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

जनरेटर बंद करने पहुंचे, तभी हुआ जोरदार धमाका

बताया गया कि आनंद सिंह अपने घर पर ही धुलाई सेंटर चलाते हैं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह जनरेटर की मदद से हवा की टंकी भर रहे थे। इसी दौरान टंकी से हवा निकलने की आवाज आने लगी। आनंद जनरेटर बंद करने पहुंचे, तभी अचानक तेज दबाव के बीच टंकी फट गई। धमाके में उनका हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर शरीर से अलग हो गया और कंधे से तेजी से खून बहने लगा।

पास में काम कर रहा आशीष भी गंभीर घायल

हादसे के समय आशीष भी कुछ दूरी पर काम कर रहे थे। टंकी के फटने से वह भी चपेट में आ गए और गंभीर चोट लगने के बाद बेहोश होकर गिर पड़े। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अचानक हुए हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू कर दिया है। हादसे की परिस्थितियों और टंकी फटने के कारणों को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बदायूं में ईख के खेत में मिला किसान का शव, ट्रैक्टर चालक के आत्मसमर्पण से बढ़ा रहस्य

Related Articles

Back to top button