नौकरी की तलाश कर रहे पंजाब के युवाओं के लिए बड़ी खबर, कंपनियां अब सीधे करेंगी संपर्क
पंजाब सरकार ने ‘हुनर पंजाब’ और ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ पोर्टल लॉन्च किए। निवेशकों को 45 दिन में मंजूरी और कंपनियों को कुशल युवाओं से सीधे जोड़ने की सुविधा मिलेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पंजाब में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए भगवंत मान सरकार ने दो नए डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किए हैं। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘हुनर पंजाब’ और ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ पोर्टल की शुरुआत की। सरकार का दावा है कि इनके जरिए निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम से 45 दिनों के भीतर जरूरी मंजूरियां मिलेंगी, जबकि कंपनियां पोर्टल के जरिए कुशल युवाओं से सीधे जुड़कर भर्ती कर सकेंगी।
निवेशकों को 45 दिन में मंजूरियां देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ के जरिए निवेशक अपनी परियोजनाओं से जुड़ी मंजूरियों और वित्तीय प्रोत्साहनों की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। सरकार के मुताबिक आवेदन के 45 दिनों के भीतर सभी आवश्यक मंजूरियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। पोर्टल में वित्तीय प्रोत्साहनों के लिए ‘पासबुक’ मॉड्यूल भी शामिल किया गया है।
‘हुनर पंजाब’ से कंपनियां सीधे खोज सकेंगी युवा
‘हुनर पंजाब’ को उद्योग और कुशल युवाओं के बीच कड़ी के तौर पर विकसित किया गया है। सरकार के अनुसार पोर्टल पर करीब 1,750 संस्थान पहले ही पंजीकृत हो चुके हैं। कंपनियां यहां उपलब्ध प्रतिभा की जानकारी लेकर युवाओं से सीधे संपर्क कर सकेंगी। प्लेटफॉर्म पर भर्ती, इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण और उद्योग-संस्थान सहयोग जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
मान बोले- 1.89 लाख करोड़ का निवेश आया
भगवंत मान ने दावा किया कि वर्ष 2022 से अब तक पंजाब में 1.89 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है और इससे 6.31 लाख रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब के युवाओं को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराना और ‘रंगला पंजाब’ बनाना है। उद्योग मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि दोनों पोर्टल सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद करेंगे।
यह भी पढ़ें: सोना समझकर खरीदे ढाई लाख के जेवर, गिरवी रखने पहुंची तो उड़ गए होश



