बदायूं में वैगनआर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, अस्पताल में महिला की मौत
Badaun News: बदायूं के सहसवान-बिसौली रोड पर वैगनआर की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सहसवान-बिसौली रोड पर ग्राम सुल्तानपुर के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर गांव के पास हुआ भीषण हादसा
घटना सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सहसवान-बिसौली रोड की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सुल्तानपुर के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश (25), सनोज (55) और मंजू (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बिसौली थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
सीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही सहसवान पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सहसवान पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान सनोज ने दम तोड़ दिया। हादसे में एक महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की पोस्टमार्टम की कार्रवाई
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट: संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: गोरखपुर जंक्शन पर अवैध टैक्सियों का कब्जा? यात्रियों से मनमानी वसूली की शिकायत



