सीतापुर में महिला की भाले से गोदकर हत्या, दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करना पड़ा भारी

सीतापुर के बगरा भारी गांव में दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करने पर महिला की भाले से हमला कर हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बकरियां चराने खेतों की ओर गई महिला की भाले से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर भाले से हमला कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

बकरियां चराने गई महिला पर भाले से हमला

मामला रामपुर कला थाना क्षेत्र के बगरा भारी गांव का है। यहां महिला गांव के बाहर बकरियां चरा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का रहने वाला रंगीलाल (55) पुत्र रामस्वरूप वहां पहुंचा और महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गांव के उत्तर स्थित खड़ंजे पर उस पर भाले से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।

पहले भी छेड़छाड़ करने का आरोप

ग्रामीणों और महिला के ससुर रामखेलावन ने आरोप लगाया कि रंगीलाल पहले भी कई बार महिला के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। आरोप है कि इसी दौरान उसने दोबारा महिला को निशाना बनाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

सूचना मिलते ही सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव और रामपुर कला थाना प्रभारी लाला गोस्वामी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सीओ के मुताबिक, आरोपी की पहचान रंगीलाल के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट -वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: VIP एस्कॉर्ट का रौब या पुलिस की मनमानी? गोरखपुर में राहगीर की पिटाई का वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button