गोरखपुर में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद बना जानलेवा, धारदार हथियार से युवक की हत्या

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में लंबे समय से चला आ रहा जमीनी विवाद बुधवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ट्रैक्टर पार्क करने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव में दोनों पक्ष आपस में पाटीदार हैं और उनके बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे आरोपी विवादित जमीन पर ट्रैक्टर खड़ा कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के अमर गुप्ता ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी ने धारदार हथियार से अमर गुप्ता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: क्या आपकी सॉस-जैम भी नकली है? गोरखपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटिल, सीओ गोरखनाथ, गुलरिहा थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद और ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुए झगड़े का है। मृतक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: UP के 12 लाख शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मिलेगा ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज

Related Articles

Back to top button